मुंबई तट के पास ONGC के कुएं में गैस लीक, कोई हताहत नहीं
(India) तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम ने फौरन सुरक्षा प्रक्रियाओं को शुरू कर दिया तथा उत्खनन अभियान को रोक दिया गया। साथ ही सभी गैर जरूरी कर्मचारियों को वहां से हटाया गया है। शीर्ष सूत्रों ने कहा कि कोई धमाका नहीं हुआ है। यह महज गैस लीक थी। सभी परिचालन सुरक्षित हैं। जान और माल की कोई क्षति नहीं हुई है। सूत्रों के अनुसार उत्खनन के दौरान अप्रत्याशित रूप से कुछ गैस लीक हुई। ओएनजीसी मुंबई हाई नार्थ फील्ड के एनएफ नामक प्लेटफार्म से साइड ट्रैक वैल में उत्खनन कर रही थी। सूत्रों ने कहा, 1000 से 1100 मीटर की कम गहराई में गैस पूल की उम्मीद नहीं थी। लेकिन उत्खनन अभियान के दौरान कुछ गैस बाहर निकल आयी तथा हमने सभी एहतियाती उपाय किये। साइड ट्रैक वैल मूल वेलबोर से दूर गौण वैलबोर है। यह काम मूल वैलबोर के अनप्रयुक्त को बाईपास करने या समीपवर्ती भूगर्भीय विशेषताओं का पता लगाने के लिए किया जाता है। सूत्रों ने बताया कि उत्खनन अभियान रोक दिया गया है तथा गैस प्रवाह को रोकने के लिए विशेषज्ञों को बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि सभी गैर जरूरी लोगों को हटा लिया गया है। उत्खनन स्थल पर 82 लोग थे जिनमें से 40 लोगों को हटा लिया गया है। अग्निशमन उपकरणों को स्थल पर पहुंचाया गया है। नौसेना, तटरक्षक तथा हेलीकाप्टर कंपनी पवन हंस बचाव अभियान में मदद कर रही है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।