कर संग्रह इस बार लक्ष्य के पार जाने की संभावना: अरूण जेटली
(India) वित्त मंत्री अरूण जेटली ने आज कहा, वर्ष 2014-15 के लिए तय राजस्व संग्रह का लक्ष्य न केवल हासिल कर लिया जाएगा, बल्कि यह लक्ष्य को पार कर जाएगा। जेटली यहां आयकर विभाग के प्रधान मुख्य आयुक्तों, प्रधान महानिदेशकों, मुख्य आयुक्तों व महानिदेशकों के 30वें वाषिर्क सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। वित्त मंत्री ने जोर दिया कि आयकर विभाग की विश्वसनीयता उसकी सबसे बड़ी संपत्ति है। पीआईबी ने ट्विटर पर जेटली के हवाले से कहा, आयकर विभाग की विश्वसनीयता उसकी सबसे बड़ी संपत्ति है, यही वजह है कि विभाग के अधिकारियों से नैतिकता के उच्चतम मानक अपनाने की उम्मीद की जाती है। सरकार को चालू वित्त वर्ष के दौरान प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष कर संग्रह से 13.64 लाख करोड़ रुपये की प्राप्ति होने का अनुमान है। बीते वित्त वर्ष के दौरान कर संग्रह तय लक्ष्य से 77,000 करोड़ रुपये कम रहा था। सरकार ने 11.58 लाख करोड़ रुपये कर संग्रह किया था, जबकि बजट अनुमान 12.35 लाख करोड़ रुपये था। अर्थव्यवस्था में नरमी के चलते चालू वित्त वर्ष के लिए अप्रत्यक्ष कर संग्रह का लक्ष्य हासिल होने में संदेह है। हालांकि, आयकर के मोर्चे पर लक्ष्य पार कर जाने की संभावना है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।