कोसी के कारण तबाही का संकट फिलहाल टला....
(DELHI, India) नेपाल में सनकोसी नदी पर हुए भूस्खलन से बिहार में बाढ़ नहीं आएगी। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने राज्यसभा में ये जानकारी दी। इधर, कैंपों से भी लोगों के वापसी का क्रम जारी रहा। दरभंगा के सभी सात कैंपों के शरणार्थी वापस घर चले गए। कैंप खाली हो गए हैं। कोसी बराज पर बुधवार की शाम सात बजे तक 1 लाख 38 हजार 420 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज रिकार्ड किया गया। यहां पांच बजे शाम से पानी कुछ बढ़ा है। हालांकि इससे खतरा नहीं है। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पानी के बढने से भी चिंता की कोई बात नहीं है। सब कुछ ठीक-ठाक है। पूर्वी और पश्चिमी तटबंध पूर्णत सुरक्षित हैं। वही वराह क्षेत्र में पानी स्थिर है। राज्यसभा में प्रधानमंत्री की दो दिवसीय नेपाल यात्रा पर वक्तव्य के बाद जदयू अध्यक्ष शरद यादव द्वारा इस संबंध में पूछे गए सवाल पर सुषमा स्वराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नेपाल यात्रा शुरू होने के पहले ही दिन वहां भूस्खलन हुआ था। उन्होंने कहा कि नेपाल ने मोदी की यात्रा को ध्यान में रखते हुए भूस्खलन से पहाड़ी पर बनी झील से अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी का उपयोग कर व्यवस्थित तरीके से पानी छोड़ा जिससे बिहार में बाढ़ की स्थिति नहीं बनी और अब बिहार इससे पूरी तरह सुरक्षित है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।