पाकिस्तान के धार्मिक नेता कादरी घर में नजरबंद
(International)
पाकिस्तान की नवाज सरकार के खिलाफ क्रांति का आह्वान करने वाले धार्मिक नेता ताहिर उल कादरी को पुलिस ने गुरुवार को उनके घर में नजरबंद कर लिया। विपक्ष के नेताओं के वाहनों को भी कादरी के घर के करीब जाने पर रोक लगा दी गई है। कादरी के समर्थकों की धरपकड़ भी शुरू हो गई है। पुलिस ने कादरी के सैकड़ों समर्थकों को गिरफ्तार कर लिया है। कनाडा में रहने वाले कादरी को सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने से रोकने के लिए पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस ने लाहौर के मॉडल टाउन में उनके घर जाने वाले सभी रास्तों को बंद कर दिया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हम विपक्ष के किसी नेता के वाहन को कादरी के घर की ओर जाने की इजाजत नहीं दे सकते क्योंकि वे लौटने पर कादरी को अपने साथ ले जा सकते हैं। बाद में कादरी ने पत्रकारों से कहा कि मुझे घर में नजरबंद करना और मेरे समर्थकों को गिरफ्तार करना नवाज शरीफ की घबराहट को दर्शाता है। कादरी ने 17 जून को मॉडल टाउन में पुलिस हमले में मारे गए अपने 14 समर्थकों को श्रद्धांजलि देने के लिए रविवार को अपने समर्थकों को एकत्र करने का एलान किया है। लाहौर पुलिस ने एक दिन पहले ही कादरी पर लोगों को सरकार के खिलाफ हिंसक क्रांति के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।