सुशील मोदी ने सुनाई लालू और नीतीश को खरी खोटी
(BIHAR, India) लालू और नीतीश के मिलने पर कटाक्ष करते हुए सुशील ने आरोप लगाया कि राजद प्रमुख लालू प्रसाद और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गले मिलने का जो नाटक किया उससे बिहार पर जंगल राज थोपने के पाप नहीं धुलेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि लालू प्रसाद ने जहां मंडलवाद का झांसा देकर 15 साल तक बिहार को गुंडागर्दी और गरीबी में बंधक बनाये रखा वहीं नीतीश कुमार ने धर्मनिरपेक्षता का बहाना बनाकर जंगलराज-2 का रास्ता तैयार कर दिया। दोनों ने बिहार की भलाई के लिए नहीं, केवल अपनी सत्ता बचाने के लिए हाथ मिलाया है। सुशील ने कहा कि बीस साल तक एक-दूसरे को खरी-खोटी सुनाने वाले इन नेताओं ने अनैतिक मेल से 2005 और 2010 के जनादेश का मखौल उड़ाया है। उन्होंने कहा कि जनता ने नीतीश कुमार को लालू प्रसाद से गले मिलने के लिए वोट नहीं दिया था। यदि यही करना था तो उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की बजाय विधानसभा को भंग करा कर नया जनादेश प्राप्त करना चाहिए था।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।