स्वतंत्रता दिवस के भाषण में प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने उठाया कश्मीर मुद्दा
(International) उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों को संभालने के नये तरीके खोजने के लिए इस विषय के शांतिपूर्ण समाधान की वकालत की। इस्लामाबाद में आधी रात के बाद स्वतंत्रता दिवस परेड को संबोधित करते हुए शरीफ ने कहा, ‘हम अपनी पूरी गंभीरता के साथ कश्मीर मुद्दे का शांतिपूर्ण समाधान चाहते हैं ताकि तनाव के इस मुख्य स्रोत को समाप्त करके पाकिस्तान और भारत अपने रिश्तों को मजबूत करने के नये तरीके खोज सकें।’ शरीफ का बयान ऐसे समय में आया है जब दो दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में पाकिस्तान पर भारत के खिलाफ आतंकवाद की परोक्ष जंग में शामिल होने का आरोप लगाया था। पाकिस्तान और भारत के बीच इसके बाद आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। नयी दिल्ली ने कहा है कि द्विपक्षीय संबंधों में चिंता की मुख्य वजह आतंकवाद है। पाकिस्तान ने मोदी के बयानों को निराधार और दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया था। भारत ने पिछले कुछ सप्ताहों में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान द्वारा संघर्ष विराम उल्लंघन की घटनाओं को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।