पाकिस्तान में कोर्ट की ओर से शांतिपूर्ण प्रदर्शन की इजाजत मिलने से उत्साहित हजारों प्रदर्शनकारियों ने गुरुवार को स्वत्रंतता दिवस के मौके पर लाहौर से इस्लामाबाद की ओर रुख किया। हिंसा की आशंका को देखते हुए राजधानी इस्लामाबाद को छावनी में तब्दील कर दिया गया था। इमरान खान और कनाडा के निवासी धार्मिक नेता ताहिर-उल-कादरी की अगुआई वाले दो गुटों में प्रदर्शनकारी इस्लामाबाद जा रहे हैं। वे इस्लामाबाद में साथ मिलकर नवाज शरीफ सरकार पर जल्द चुनाव कराने के लिए दबाव बनाएंगे। पिछले साल हुए आम चुनाव में शरीफ की पार्टी पीएमएल-एन की जीत हुई थी। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के नेता ने लाहौर के जमां पार्क से आजादी मार्च की शुरुआत की तो इसी शहर के मॉडल टाउन इलाके से कादरी के नेतृत्व में इंकलाब मार्च निकला। इमरान और कादरी आधिकारिक तौर पर सहयोगी नहीं हैं, हालांकि दोनों शरीफ सरकार को बेदखल किए जाने की मांग कर रहे हैं। पहले हिचकिचाहट के बाद सरकार ने कादरी के समर्थकों को लाहौर के मॉडल टाउन के इलाके से रवाना होने की इजाजत दी। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि यह बड़ा घटनाक्रम है, क्योंकि सरकार ने शुरू में कादरी को जुलूस निकालने की इजाजत देने से इनकार कर दिया था।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।