भारत का 68वां स्वतंत्रता दिवस विदेश में भी धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर विभिन्न देशों में समारोह आयोजित किए गए जिनमें भारतीयों ने उत्साह से हिस्सा लिया। चीन में भारतीय राजदूत अशोक कांठा ने देश की तीनों सेनाओं के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में तिरंगा फहराया। इसके बाद उन्होंने अध्यक्षीय भाषण दिया। इस मौके पर तमाम भारतीय अपने परिवारों के साथ मौजूद थे। चीन के दक्षिणी शहर गुआंगजाऊ में भारत के महावाणिज्यदूत के नागराज नायडू ने वाणिज्य दूतावास में झंडा फहराया। इस मौके पर 400 भारतीय व्यवसायी मौजूद थे। सिंगापुर में भारतीय राजदूत विजय ठाकुर सिंह ने 600 भारतीय की मौजूदगी में झंडा फहराया। इस मौके पर भारतीय छात्रों ने राष्ट्रगीत गाया। बाद में सिंह ने सिंगापुर में भारतीय व्यवसायी नेताओं के एक कार्यक्रम में भी भाग लिया। मिस्र में प्रवासी भारतीयों ने राजदूत नवदीप सूरी की मौजूदगी में इंडिया हाउस के परिसर में स्वतंत्रता दिवस मनाया। इस मौके पर सूरी ने कहा कि भारत, मिस्र के शीर्ष दस व्यावसायिक मित्रों में एक है और दोनों देशों के बीच व्यापार में लगातार प्रगति हो रही है। कुवैत में भारतीय राजदूत सुनील जैन ने दस हजार लोगों की मौजूदगी में झंडा फहराया और राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का भाषण पढ़कर सुनाया। उन्होंने कहा कि कुवैत और भारत दोनों के बीच करीबी और दोस्ताना रिश्ते रहे हैं। इसके अलावा थाइलैंड, नेपाल और आस्ट्रेलिया में भी भारतीय स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।