पाक सरकार समितियों के माध्यम से इमरान खान, कादरी से करेगी बातचीत
(International) प्रदर्शन कर रहे नेताओं से बातचीत करने का निर्णय ऐसे समय में लिया गया है जब महज कुछ घंटे पहले खान ने प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को हटाने के लिए नागरिक अवज्ञा आंदोलन शुरू किया है। पाकिस्तान के गृहमंत्री चौधरी निसार ने देर रात संवाददाता सम्मेलन में कहा, दोनों टीमों में सभी बड़े राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि होंगे और वे कल प्रदर्शनकारी नेताओं से बातचीत करेंगे। गृहमंत्री ने कहा कि किसी को भी रेड जोन क्षेत्र की सुरक्षा का उल्लंघन नहीं करने दिया जाएगा जहां संसद भवन, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के निवास एवं दूतावास स्थित हैं। खराब मौसम और लोगों की कम उपस्थिति से बेपरवाह खान के समर्थकों और कादरी की अगुवाई वाले पाकिस्तान आवामी तहरीक के समर्थकों ने आज लगातार चौथे दिन अपना प्रदर्शन जारी रखा। खान ने नवाज शरीफ की अगुवाई वाली सरकार के विरूद्ध नागरिक अवज्ञा आंदोलन का ऐलान किया जबकि कादरी ने प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को इस्तीफा देने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया। खान ने कहा अब यही एक तरीका है, हम नागरिक अवज्ञा अभियान शुरू करेंगे। उनके इस कथन का उनके उन हजारों समर्थकों ने तालियां बजा कर स्वागत किया जो प्रधानमंत्री शरीफ को पद से हटाने के उद्देश्य से लाहौर से खान के आजादी मार्च में शामिल होने आए हैं। गौरतलब है कि 2013 के आम चुनाव में शरीफ ने 342 में से 190 सीट हासिल की थी। खान की पार्टी 34 सीटें ले कर तीसरे स्थान पर आयी थी। खान ने दावा किया कि उनकी पार्टी को कई और सीटें मिलनी चाहिए थी लेकिन शरीफ की पीएमएल-एन की धांधली की वजह से नहीं मिल पाईं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।