पाकिस्तान संकट : सुप्रीम कोर्ट ने इमरान और कादरी को किया तलब,
(International) पाकिस्तान में राजनीतिक संकट बढ़ता जा रहा है। इस्लामाबाद के रेड जोन में अपने समर्थकों के साथ दाखिल हो चुके इमरान खान और धर्मगुरू ताहिरूल अल कादरी को सुप्रीम कोर्ट ने तलब किया है। जबकि धर्मगुरु ने अपने समर्थकों को संसद का घेराव करने का आह्वान किया है। इसके पहले पाकिस्तान के विपक्षी नेता इमरान खान ने आज शाम तक नवाज शरीफ के सत्ता से नहीं हटने की स्थिति में प्रधानमंत्री आवास पर धावा बोलने की धमकी दी है। सरकार विरोधी हजारों प्रदर्शनकारी भारी सुरक्षा वाले ‘रेड जोन’ में प्रवेश कर चुके हैं और संसद भवन के सामने शिविर स्थापित कर दिया है। खान ने बीती रात संसद के बाहर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा, यदि नवाज शरीफ इस्तीफा नहीं देते हैं तो हम प्रधानमंत्री आवास में घुस जाएंगे। विपक्षी नेता ने कहा कि उन्होंने शरीफ को इस्तीफा देने के लिए बुधवार की शाम तक का वक्त दिया है। इसके पूर्व, पाकिस्तान आवामी लीग तहरीक और पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ के नेतृत्व वाली रैलियां रेड जोन में प्रवेश कर गईं और संसद भवन के बाहर शिविर स्थापित कर दिया। सरकार, विपक्षी सदस्यों और सेना ने सभी पक्षों से वार्ता के जरिए गतिरोध खत्म करने का आग्रह किया है। रेड जोन की तरफ कूच करने से पहले खान ने अपने समर्थकों से कहा, मुझसे वायदा करो, यदि मुझे कुछ हो जाता है तो आप नवाज शरीफ से बदला लोगे। संसद भवन, प्रधानमंत्री आवास, राष्ट्रपति आवास, सुप्रीम कोर्ट और दूतावास परिसर इसी रेड जोन इलाके में स्थित हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।