हक्कानी नेताओं की सूचना देने वालों को अमेरिका देगा 3 करोड़ डॉलर का इनाम
(International) इस आतंकी समूह को अफगानिस्तान में अनेक नागरिकों और नाटो सैनिकों पर हमले के लिए जिम्मेदार बताया जाता है। अमेरिकी विदेश विभाग ने एक बयान में कहा कि पाकिस्तान आधारित हक्कानी नेटवर्क तालिबान से जुड़ा समूह है। अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2012 में इसे आतंकवादी नेटवर्क घोषित किया था। अमेरिका के ‘न्याय कार्यक्रम के लिए पुरस्कार’ के तहत विदेश विभाग ने इस इनाम की घोषणा की है जिसके तहत अजीज हक्कानी, खलील अल-रहमान हक्कानी, याहया हक्कानी और अब्दुल रउफ जाकिर के बारे में पता बताने वालों को 50-50 लाख डॉलर की इनामी राशि दी जाएगी। बयान के मुताबिक, समूह के नेता सिराजुद्दीन हक्कानी के बारे में सूचना बताने वाले को 1 करोड़ डॉलर का इनाम दिया जाएगा। उस पर पहले 50 लाख डॉलर की इनामी राशि घोषित थी। बयान के अनुसार, सिराजुद्दीन हक्कानी नेटवर्क के संस्थापक जलालुद्दीन का बेटा है जिसने जनवरी 2008 में काबुल के सेरेना होटल में हुए हमले की साजिश रची थी। हमले में एक अमेरिकी नागरिक और पांच अन्य लोगों की मृत्यु हो गई थी। सरकार ने वर्ष 2008 में उसे ‘विशेष तौर पर नामित आतंकवादी’ घोषित किया था।
अजीज हक्कानी सिराजुद्दीन का भाई है। वह सीमा पार आईएसएएफ और अफगान बलों पर हुए कई हमलों की साजिश रचने, उन्हें कार्यान्वित करने में शरीक रहा है। आतंकवादी समूह का वरिष्ठ सदस्य खलील अल-रहमान, सिराजुद्दीन का चाचा है जो तालिबान के लिए धन उगाही का कार्य करता है। उसके आतंकवादी समूह अलकायदा से भी संबंध रहे हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।