(International)
वार्ता मंगलवार को पूरी हो गई और सिंधु जल आयोग के आयुक्त के. वोहरा के नेतृत्व वाला 10 सदस्यों का भारतीय शिष्टमंडल आज भारत के लिए रवाना होगा। पाकिस्तानी शिष्टमंडल की अध्यक्षता सिंधु जल आयुक्त मिरजा आसिफ बेग कर रहे थे। बेग ने बताया, ‘वार्ता सकारात्मक लहजे के साथ समाप्त हुई और हम अक्तूबर में वार्ता के अगले दौर में पाकिस्तान के एतराज पर चर्चा करेंगे और उसका हल खोजेंगे।’ उन्होंने कहा, ‘हम आशावादी हैं कि भारत हमारी चिंताएं दूर करेगा और मामले का हल अंतरराष्ट्रीय अदालत में गए बगैर हो जाएगा। अगर हमारी चिंताओं का समाधान नहीं किया गया तो हमारे पास अंतरराष्ट्रीय अदालत में जाने के अलावा कोई अन्य विकल्प नहीं होगा।’ बेग से इन रिपोर्टों के बारे में पूछा गया कि भारत ने किशन गंगा बांध और झेलम तथा चिनाब नदी पर चार अन्य प्रस्तावित बांधों के डिजाइन पर आपत्तियों पर लचीला रूख नहीं दिखाया तो उन्होंने कहा, ‘मैं नहीं कहूंगा कि वार्ता नाकाम हुई या भारत ने हमारे विचारों पर ध्यान देने से इनकार किया।’ उन्होंने कहा, ‘हालांकि कोई बड़ी प्रगति नहीं हुई, हमने अपनी आपत्तियां पेश की और भारतीय दल ने उनपर विचार करने पर सहमति दी।’ बेग ने कहा कि भारत ने वार्ता के अगले दौर में पाकिस्तान के एतराज पर विस्तार से जवाब देने पर सहमति जताई।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।