शरीफ ने खारिज की इस्तीफे की मांग
(International)
पाकिस्तान में प्रदर्शनकारियों व सरकार के बीच बुधवार को टकराव और बढ़ गया। संकट से घिरे प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने स्पष्ट कर दिया कि वह किसी भी हाल में इस्तीफा नहीं देंगे। संसद के सामने जमे प्रदर्शनकारियों द्वारा अपने इस्तीफे की मांग को फिर खारिज करते हुए शरीफ ने कहा कि देश पहले भी कई बार मुश्किल दौर देख चुका है। इसलिए मौजूदा राजनीतिक संकट भी खत्म हो जाएगा। जवाब में प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे विपक्ष के नेता इमरान खान ने कहा है, ‘इस्तीफा नहीं तो वार्ता नहीं।’ मौजूदा राजनीतिक संकट के बाद पहली बार नेशनल असेंबली में शरीफ ने कहा कि हम मुश्किलों से गुजर चुके हैं। देश के संविधान और कानून की सर्वोच्चता की यात्रा बिना किसी बाधा के आगे भी जारी रहेगी। 2008 के चुनावों में हमारे हाथ बंधे थे। मगर हमने प्रचार किया और चुनावों में हिस्सा लिया। हमने चुनाव में धांधली का रोना नहीं रोया। अगर हम ऐसा करते तो वह सही होता, क्योंकि उस समय एक तानाशाह का सरकार पर नियंत्रण था। उसने यह चुनाव कराए। शरीफ ने उम्मीद जताई कि यह दौर गुजर जाएगा। पाकिस्तान समृद्धि की ओर आगे बढ़ेगा। उन्होंने साफ संकेत दिया कि उनकी सरकार और संसद बरकरार रहेगी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।