भारी बारिश से पाकिस्तान में बाढ़ का खतरा, 160 की मौत
(International) राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने जिलायुक्तों और सैन्य एजेंसियों को एक पत्र जारी करते हुए कहा है कि सिंधु नदी में अन्य नदियों से आकर इकट्ठे होने वाले पानी से भारी बाढ़ आ सकती है। पत्र में कहा गया है, ‘13 सितंबर तक सिंधु नदी में गुड्डू और सुक्कुर के पास भारी बाढ़ के स्तर तक पानी पहुंच जाएगा।’ एनडीएमए के एक अधिकारी ने बताया कि बारिश, बाढ़ और उससे संबंधित दुर्घटनाओं में कम से कम 139 लोगों की मौत हो चुकी है। सभी मौतें पाकिस्तान के पंजाब, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर, और गिलगिट-बाल्टीस्तान क्षेत्रों में हुईं हैं। रेडियो पाकिस्तान की आज की खबर के अनुसार पंजाब सरकार ने नया अलर्ट जारी करते हुए प्रांत में बाढ़ आपातकाल की घोषणा की है। लाहौर में जारी की गई विज्ञप्ति के अनुसार पंजाब के मुख्यमंत्री शाहबाज शरीफ ने प्राधिकरणों और विभिन्न विभागों को बाढ़ और भारी बारिश से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने को कहा है। उन्होंने प्रांत के मंत्रियों, आयुक्तों और जिला समन्वय अधिकारियों से क्षेत्र में रहकर बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।