(International)
व्हाइट हाउस ने बताया कि ओबामा ने एक नयी और व्यापक आधार वाली सरकार बनाने के लिए प्रधानमंत्री अबादी और अन्य इराकी नेताओं के प्रयासों की सराहना की और इराक तथा अमेरिका के, इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड द लेवांत के खतरे से निपटने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ मिल कर काम करते रहने की जरूरत पर जोर दिया। बातचीत के दौरान ओबामा ने इराक के सभी समुदायों, क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय भागीदारों के साथ काम करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई ताकि आईएसआईएस के साथ लड़ने की इराक की क्षमता को मजबूत किया जा सके। व्हाइट हाउस के एक बयान में कहा गया है कि दोनों नेताओं ने इराकी जनता की महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने और उनकी परेशानियों को दूर करने के लिए नयी सरकार द्वारा ठोस कदम उठाए जाने के महत्व पर सहमति जताई। बयान के मुताबिक दोनों नेताओं ने अमेरिका और इराक के बीच मजबूत रणनीतिक भागीदारी के लिए समर्थन जताया। इस बीच अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने बगदाद में नयी सरकार के गठन को ‘इराक के लिए मील का एक अहम पत्थर’ बताते हुए इसकी सराहना की है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।