आइएस से लड़ने के लिए ओबामा ने कमर कसी
(International)
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने सांसदों से कहा है कि उनके पास इस्लामिक स्टेट (आइएस) के खिलाफ कार्रवाई की मंजूरी देने का अधिकार है। राष्ट्र के नाम संबोधन से पहले ओबामा ने सांसदों के एक समूह से मुलाकात की। गुरुवार रात को अपने संबोधन में वह आइएस से खतरे का मुकाबला करने को लेकर अमेरिकी रणनीति की घोषणा करेंगे। ह्वाइट हाउस में ओबामा ने अमेरिकी संसद के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव के स्पीकर जॉन बॉएहनर, डेमोक्रेटिक नेता नैंसी पेलोसी और अन्य सांसदों से मुलाकात की। अमेरिका की ओर से कहा गया है कि आइएस आतंकियों से इराक के लिए अस्तित्व का खतरा है। ह्वाइट हाउस के प्रेस सचिव जोश अर्नेस्ट ने कहा कि देश को एक रखने में नई इराकी सरकार की विफलता से पूरे इराक के लिए खतरा उत्पन्न हो जाएगा। इस बीच ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि आइएस से लड़ने में मदद के लिए ब्रिटिश सरकार 16 लाख पौंड की भारी मशीनगन और गोला बारूद इराकी सरकार के पास भेजेगी। वहीं फ्रांस ने भी आइएस से लड़ने के लिए सेना भेजने की संभावना से इन्कार नहीं किया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।