(International)
आतंकवाद रोधी अपनी समग्र रणनीति का खुलासा करते हुए अमेरिका ने गुरुवार को संकल्प लिया कि वह इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) को हवाई हमलों से ‘नष्ट कर देगा’ और कहा कि अमेरिका को धमकी देने वाले आतंकवादियों को कोई ‘सुरक्षित ठिकाना नहीं’ मिलेगा। राष्ट्रपति बराक ओबामा ने पूरे देश में टेलीविजन पर प्रसारित अपने संबोधन में आईएसआईएस को नतीजा भुगतने की चेतावनी दी। ओबामा ने कहा कि हम समग्र और निरंतर रूप से जारी आतंकवाद रोधी रणनीति के जरिए आईएसआईएल को कम और अंतत: खत्म कर देंगे। राष्ट्रपति ने योजना के तहत कहा कि अमेरिका अपने नागरिकों की रक्षा और मानवीय मिशन चलाने के अपने प्रयासों से परे भी अपने कदम को विस्तारित करेगा। उन्होंने कहा कि हमारी हवाई ताकत का इस्तेमाल और जमीन पर मौजूद बलों की सहायता करते हुए कहीं भी मौजूद आईएसआईएल को उखाड़ फेंकने के लिए यह आतंकवाद रोधी अभियान एक दृढ़ और अनवरत प्रयास के जरिए छेड़ा जाएगा। ओबामा ने कहा कि मैं यह स्पष्ट कर चुका हूं कि हम हमारे देश को धमकी देने वाले आतंकवादियों का पीछा करेंगे चाहे वे कहीं पर भी हों। राष्ट्रपति ने कहा कि इसका मतलब यह है कि हम सीरिया और इराक में भी आईएसआईएल के खिलाफ कार्रवाई करने से नहीं हिचकिचाएंगे। राष्ट्रपति रहते यह मेरा मूल सिद्धांत है, यदि आप अमेरिका को धमकी देते हो तो आपको कहीं भी शरण नहीं मिलेगी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।