पाकिस्तान में बाढ़, बारिश से करीब 260 लोगों की मौत, लाखों प्रभावित
(International) पिछले सप्ताह आई मूसलाधार बारिश ने देश में बड़े इलाके को प्रभावित किया है। बारिश के बाद आई भयावह बाढ़ ने स्थिति को काफी गंभीर बना दिया। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रीमा जुबारी ने एक बयान में कहा कि अकेले पंजाब प्रांत में बाढ़ से 10 लाख 91 हजार 807 लोग प्रभावित हुए हैं। जल एवं बिजली मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि सिंध प्रांत में 10 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। एनडीएमए ने चेतावनी दी है कि सिंध प्रांत में 13 सितंबर को भीषण बाढ़ आ सकती है। बाढ़ से पंजाब में सात लाख एकड़ से अधिक भूमि की फसल बर्बाद हुई है। पाकिस्तान में बाढ़ और बारिश संबंधी घटनाओं से अब तक 257 लोगों की मौत हुई है। जुबरी ने कहा कि पंजाब प्रांत में 179 लोगों की मौत हुई है जबकि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 64 और गिलगिट-बालटिस्तान में 14 लोगों की मौत हो गई। बाढ़ के कारण 6,000 से अधिक मकानों को नुकसान पहुंचा है। पाकिस्तान के मध्य से लेकर दक्षिणी पंजाब तक चिनाब नदी उफान पर है और इसके आसपास के इलाके जलमग्न हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।