मानव तस्करों ने एक बेहद अमानवीय हरकत में अफ्रीकी शरणार्थियों से खचाखच भरी नौका डुबो कर सैकड़ों लोगों की जान ले ली। ये लोग इटली में अवैध रूप से घुसने की कोशिश कर रहे थे। अंतरराष्ट्रीय प्रवासी संस्था (आइओएम) ने बचे हुए लोगों के बयान के आधार पर दावा किया कि हादसे में लगभग 500 लोग मारे गए हैं। हालांकि, मारे गए लोगों की संख्या को लेकर मीडिया रिपोर्टो में अलग-अलग दावे किए गए हैं। किसी ने मरने वालों की संख्या 700 तो किसी ने 900 बताई है। आइओएम ने बचाए गए लोगों के हवाले से कहा कि दूसरी नाव में बैठने से इन्कार किए जाने से नाराज मानव तस्करों ने ही नौका को डुबो दिया। इटली पुलिस ने इन दावों की जांच शुरू कर दी है। इस नौका में सीरिया, फलस्तीन, मिस्त्र व सूडान के लोग सवार थे। यह सभी मिस्त्र के डेमिटा से निकले थे। आइओएम प्रवक्ता फ्लावियो डि गियाकोमो ने आशंका जताई कि यह सभी मारे गए हैं। दरअसल, दो फलस्तीनी नागरिकों को एक जहाज ने माल्टा के नजदीक समुद्र से बचाया था। उन्हें सिसली लाया गया, जहां उन्होंने बताया कि उनकी नौका में करीब 500 लोग थे जिसे तस्करों ने डुबा दिया। नौ अन्य लोगों को ग्रीस व माल्टा के जहाजों ने बचाया। मगर बाकी लोगों का कुछ पता नहीं चल रहा।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।