विलंब होने पर गुस्साए यात्रियों ने पूर्व गृह मंत्री रहमान मलिक को विमान पर चढ़ने से रोका
(International) कराची से इस्लामाबाद जाने वाले पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस के विमान पीके-370 को उड़ान भरने में सोमवार को ढाई घंटे से ज्यादा की देर हुई क्योंकि यह पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के सीनेटर मलिक और नेशनल एसेंबली के सदस्य डॉ. रमेश कुमार मकवानी के पहुंचने का इंतजार कर रहा था। जब वे पहुंचे तो यात्रियों ने उन्हें विमान में सवार होने से रोक दिया। स्थानीय मीडिया में बार..बार दिखाए जाने वाले एक वीडियो क्लीप के मुताबिक यात्री मलिक पर चिल्ला रहे थे। क्लिप में एक यात्री को कहते सुना गया, ‘मलिक साहब, दुख है। आपको वापस जाना चाहिए। आपको इन यात्रियों से माफी मांगनी चाहिए। आपको शर्म करनी चाहिए..आपके कारण 250 यात्रियों को परेशान होना पड़ा। यह आपकी गलती है जनाब।’ उन्होंने कहा, ‘मलिक साहब, अब आप मंत्री नहीं रहे। और अगर आप हैं भी तो हमें इसकी कोई फिक्र नहीं..।’ ऑनलाइन वायरल हुए क्लिप में यात्रियों को सांसदों पर हूटिंग करते दिखाया गया है और इसमें क्रू के सदस्य भी शामिल थे। कुमार को वीडियो में नहीं दिखाया गया लेकिन एक अखबार ने खबर दी कि उन्हें भी विमान में सवार नहीं होने दिया गया। पीआईए के प्रवक्ता मसूद तजवार ने कहा कि विमान में विलंब तकनीकी कारणों से हुआ न कि मलिक के कारण। तजवार ने कहा, ‘पीआईए वीआईपी संस्कृति को बढ़ावा नहीं देता..लेकिन तकनीकी कारणों से उड़ान में डेढ़ घंटे का विलंब हुआ।’

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।