(International)
इन नतीजों से यह साफ है कि स्कॉटलैंड अब ब्रिटेन से अलग नहीं होगा और स्वतंत्र देश नहीं बन पाएगा। जनमत संग्रह में ब्रिटेन के पक्ष में निर्णायक बढ़त हासिल हुए हैं। नतीजों के अनुसार, स्कॉटलैंड के 22 राज्य अलग होने के पक्ष में नहीं हैं। अभी तक 32 में से 26 राज्यों का नतीजा आया है। स्कॉटलैंड के लोगों ने ऐतिहासिक जनमत संग्रह में आजादी को दरकिनार करते हुए ब्रिटेन का हिस्सा बने रहने के पक्ष में मतदान किया है। देश के 32 परिषद क्षेत्रों में से 26 निकायों ने ‘ना’ के पक्ष में मतदान किया। ‘ना’ के पक्ष में 54 प्रतिशत मत पड़े जबकि ‘हां’ के पक्ष में 46 प्रतिशत मत पड़े। अंतरराष्ट्रीय समयानुसार सुबह 06.15 बजे तक ‘ना’ अभियान के पक्ष में 1,397,000 से ज्यादा मत नहीं पड़े और ‘हां’ के पक्ष में 1,176,000 से थोड़ा ज्यादा मत पड़े। जनमत संग्रह में जीत के लिए कुल 1,852,828 मतों की आवश्यकता है। जीत का अंतर अंतिम जनमत सर्वेक्षणों में अपेक्षित परिणाम से कोई तीन गुणा अधिक रहने का अनुमान है। स्कॉटलैंड के उप प्रथम मंत्री निकोला स्टरगियोन ने समाचार प्रसारक को बताया कि ‘ना’ के पक्ष में मत ‘व्यक्तिगत और राजनैतिक तौर पर गहरा आघात पहुंचाने वाला होगा।’ उन्होंने कहा कि स्कॉटलैंड में बदलाव की जरूरत है, इस देश को हमेशा के लिए बदलना ही होगा। मतों के मिलान कर लेने के बाद महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के बयान के बाद एडिनबर्ग में मुख्य मतगणना अधिकारी मेरी पिटकेथली आधिकारिक तौर पर परिणामों की घोषणा करेंगी। स्कॉटलैंड के विभिन्न हिस्सों से मिल रहे आंकड़ों के मुताबिक ग्लासगो ने ‘हां’ के पक्ष में मतदान किया है लेकिन आजादी नहीं चाहने वालों की गूंज ज्यादा है। स्कॉटलैंड के लोगों ने कल ऐतिहासिक जनमत संग्रह में मतदान किया, जिसके आधार पर यह निर्णय होगा कि क्या स्कॉटलैंड स्वतंत्र देश बनाया जाए यह वह ब्रिटेन का हिस्सा बना रहेगा। लोगों से यह पूछा गया था : क्या स्कॉटलैंड को एक आजाद देश होना चाहिए। इसका जवाब केवल ‘हां’ या ‘ना’ में देना था। गौर हो कि स्कॉटलैंड की स्वतंत्रता पर वीरवार को जनमत संग्रह करवाया गया था। लोग बेसब्री से परिणामों का इंतजार कर रहे थे, जिससे यह तय हो गया कि स्कॉटलैंड का ब्रिटेन से सदियों पुराना संबंध कायम रहेगा। स्कॉटलैंड के 32 प्रांतों में जनमत संग्रह करवाए गए थे। जनमत संग्रह पर भारी मतदान हुआ। लोग मतगणना केंद्रों के बाहर बेसब्री से परिणामों का इंतजार कर रहे थे।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।