आइएस ने किया एक और ब्रिटिश नागरिक का सिर कलम
(International)
आतंकी संगठन आइएस ने एक और ब्रिटिश नागरिक के सिर कलम कर हत्या करने का वीडियो जारी किया है। शुक्रवार को जारी किए एक वीडियो में बंधक बनाकर रखे गए एलन हेनिंग का सिर कलम करते हुए दिखाया गया है। वीडियो में आइएस ने अमेरिका के पीटर कासिंग को भी दिखाकर उसका सिर कलम करने की चेतावनी दी है। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने इस्लामिक स्टेट के आतंकी द्वारा ब्रिटिश नागरिक एलन हेनिंग की नृशंस हत्या की निंदा की है। उन्होंने कहा कि इस हत्या के पीछे जो भी जिम्मेदार उन्हें माफ नहीं किया जाएगा। हेनिंग यहां पर सीरिया के नागरिकों के उत्थान का काम करते थे। उनकी मौत से ब्रिटेन समेत उन लोगों का जबरदस्त नुकसान हुआ है जिनके लिए हेनिंग काम कर रहे थे। ओबामा ने हेनिंग के परिवार को सांत्वना देते हुए कहा है कि वह इस मुश्किल घड़ी में उनके परिवार के साथ हैं। इस मौके पर उन्होंने एक बार फिर आइएसआइएल को खत्म करने की वचनबद्धता को दोहराया है। ग्रेटर मैन्चेस्टर के रहने वाले 47 वर्षीय हेनिंग को आइएस ने पिछले साल दिसंबर में सीरिया में बंधक बनाया था। पेशे से बतौर टैक्सी ड्राइवर हेनिंग उस समय राहत सामग्री पहुंचाने जा रहे थे। हेनिंग दूसरे ब्रिटिश नागरिक हैं, जिनका सिर आइएस ने कलम किया है। हेनिंग की पत्नी बार-बार आतंकियों से अपील कर रही थीं कि उन्हें छोड़ दिया जाए क्योंकि वह सीरिया में बेहद जरूरतमंद मुस्लिमों की मदद कर रहे थे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।