गाजा में पुनर्निर्माण के लिए भारत ने की 40 लाख डॉलर की पेशकश
(International) अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने इस काम के लिए कुल 5.4 अरब डॉलर की मदद की बात कही है। भारत ने काहिरा सम्मेलन के उद्देश्यों की जल्दी पूर्ति को फलस्तीन तथा इजरायल के बीच गाजा में संघर्षविराम की मौजूदा सहमति को मजबूती प्रदान करने में अहम बताते हुए मिस्र की मध्यस्थता की भूमिका की सराहना की। यहां जारी एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार कल गाजा के पुनर्निर्माण पर आयोजित सम्मेलन में भारत की ओर से विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव (पश्चिम एशिया और उत्तर अफ्रीका) संदीप कुमार ने प्रतिनिधित्व किया और फलस्तीनी प्राधिकरण द्वारा गाजा के पुनर्निर्माण के लिए पेश की गई योजना में 40 लाख डॉलर की सहायता का आश्वासन किया। कुमार ने कहा कि भारत पुरजोर तरीके से मानता है कि क्षेत्र और उसकी जनता के सामने आने वाले मुद्दों पर प्रभावी तरीके से ध्यान देने के लिहाज से दीर्घकालिक शांति के लिए व्यापक बातचीत ही सर्वश्रेष्ठ गारंटी है। मिस्र और नॉर्वे द्वारा साझा तौर पर आयोजित सम्मेलन में 75 से अधिक देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसमें फलस्तीनी प्राधिकरण ने गाजा के लिए अनुमानित चार अरब डॉलर का खाका पेश किया और देशों ने 5.4 अरब डॉलर की मदद का आश्वासन दिया। भारत की ओर से की गयी पेशकश दीर्घकालीन सतत भारत-फलस्तीन साझेदारी का हिस्सा है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।