हांगकांग में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़प
(International) एक पखवाड़ा पहले ही हांगकांग में लोकतंत्र के समर्थन में प्रदर्शन शुरू होने के बाद यह अब तक की सबसे हिंसक झड़पों में से एक है। वहां मौजूद एक पत्रकार के मुताबिक, शहर के सरकारी मुख्यालयों के आगे मौजूद मुख्य सड़कों पर बनी नई घेराबंदी को हटाने के दौरान सैकड़ों अधिकारियों की प्रदर्शनकारियों के साथ झड़प हुई। प्रदर्शनकारियों के उस क्षेत्र से हटने से इंकार के बाद पुलिस ने इन्हें तितर बितर करने के लिए मिर्ची स्प्रे का प्रयोग किया।
एक घंटे के अंदर पुलिस ने इस व्यस्त मार्ग को नियंत्रित कर लिया और कई लोगों को गिरफ्तार किया। दिन में प्रदर्शनकारियों ने इस मार्ग पर कब्जा कर लिया था। इस बीच, शहर के सुरक्षा प्रमुख ने आज बताया कि प्रदर्शनकारियों पर हांगकांग पुलिस की बर्बरता का एक वीडियो जारी होने के बाद उन स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों को उनके पदों से हटा दिया गया है। वीडियो में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस स्पष्ट रूप से हमला करते हुए नजर आ रही है। वीडियो में हथकड़ी पहने एक व्यक्ति को पीटते हुए और ठोकर मारते हुए दिखाया गया है। एक टेलीविजन नेटवर्क पर रात में पुलिस और लोकतंत्र समर्थक प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प का फुटेज जारी होने के बाद प्रदर्शनकारियों में आक्रोश फूट पड़ा। कार्यकर्ताओं और सांसदों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की भी मांग की है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।