(International)
ऊर्जा, पर्यावरण एवं जल संसाधन पर परिषद के चेयरपर्सन सुरेश प्रभु ने कहा कि भारत के नेपाल के साथ रिश्ते खास और विशिष्ट हैं। भारत, नेपाल की मदद को तैयार है जिससे यह देश समृद्ध हो सके तथा इसका लोगों को भी फायदा हो सके। प्रभु पूर्व बिजली मंत्री भी रह चुके हैं। उन्होंने कहा, ‘नेपाल के पास प्रचुर मात्रा में जल संसाधन हैं। लेकिन देश के पास संसाधनों के प्रबंधन की उचित व्यवस्था नहीं है। इससे दोनों देशों को बाढ़ आदि के रूप में भारी नुकसान हो रहा है।’ प्रभु ने कहा कि यदि नेपाल के जल संसाधन का उचित तरीके से प्रबंधन किया जाए तो इससे न केवल भारत की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा किया जा सकता है, बल्कि नेपाल के लोगों को भारी आर्थिक लाभ भी मिल सकता है। उन्होंने कहा कि पनबिजली के विकास से नेपाल में प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय इजाफा किया जा सकता है। यह न केवल दक्षिण एशिया में सबसे उंची हो सकती है, बल्कि इसकी दुनिया के अन्य हिस्सों से भी तुलना की जा सकती है। प्रभु ने कहा कि नेपाल में विकसित की जा रही बिजली परियोजनाओं से सबसे पहले नेपाल को फायदा होना चाहिए और भारत इस दिशा में मदद उपलब्ध कराने को तैयार है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।