कश्मीर को बातचीत के एजेंडे में शामिल नहीं करना चाहता भारत: सरताज अजीज
(International) पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के विदेशी मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने कहा है कि भारत-पाकिस्तान वार्ता के दौरान कश्मीर मुद्दा नहीं उठाने की भारत की शर्त उनके देश के लिए स्वीकार्य नहीं है। इस बाबत आज मीडिया में खबर आयी है। सीनेट की स्थायी समिति को संबोधित करते हुए उन्होंने कल यह टिप्पणी की। समिति की बैठक उनकी अफगानिस्तान यात्रा, पाकिस्तान-ईरान सीमा मुद्दे और पाकिस्तान तथा भारत के बीच सीमा पर होने वाली झड़पों पर चर्चा के लिए बुलायी गयी थी। विदेश मामलों पर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के सलाहकार अजीज ने समिति से कहा कि भारत की शर्त पाकिस्तान के लिए स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने समिति से कहा कि यदि भारत कश्मीर में जनमतसंग्रह कराने को तैयार हो जाता है तो पाकिस्तान उसी के अनुसार काम करेगा। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के अनुसार, पाकिस्तान और भारत के अलावा कश्मीर के पास कोई तीसरा विकल्प नहीं है। अजीज ने कहा कि नियंत्रण रेखा पर भारतीय सेना की गोलीबारी में 14 लोगों की जान गयी है जबकि 65 लोग घायल हुए हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।