पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर कबायली इलाके में अलग-अलग हिस्सों में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच टकराव हुआ। इनमें 20 आतंकी मारे गए जबकि सात सैनिकों की भी मौत हो गई। यहां सेना ने तालिबान के खिलाफ सघन अभियान छेड़ा हुआ है। खैबर-एक के नाम से चलाए जा रहे सैन्य अभियान में सुरक्षाबलों ने निचले ओरकजई क्षेत्र में 20 आतंकियों को मार गिराया। इस क्षेत्र में पिछले महीने भर से सेना और आतंकियों के बीच टकराव चल रहा है। यहां आतंकियों के जवाबी हमले में छह सैनिक मारे गए जबकि पांच अन्य घायल हो गए। वहीं बाजौर क्षेत्र में बम विस्फोट की एक घटना में एक सैनिक की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया। विस्फोट के तुरंत बाद सुरक्षाबल गहन जांच अभियान में जुट गए हैं। सेना के मुताबिक जून में उत्तरी वजीरिस्तान क्षेत्र में आतंकियों के खिलाफ शुरू किए गए जर्ब-ई-अज्ब अभियान में अब तक 1,100 से ज्यादा आतंकी मारे जा चुके हैं। वहीं खैबर कबायली क्षेत्र में शुरू किए गए खैबर-एक अभियान में करीब 50 आतंकियों की मौत हुई है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।