राजधानी में 14 नवंबर से शुरू होने वाले विश्व व्यापार मेले में पाकिस्तान अपनी महत्वपूर्ण उपस्थिति दर्ज कराने जा रहा है। इसके पीछे वहां के बने सामानों के प्रति भारतीयों की अधिक रुचि को कारण माना जा रह है। पाकिस्तान लगभग 120 कंपनियों के साथ इंडियन ट्रेड प्रमोशन आर्गनाइजेशन (आइटीपीओ) में हिस्सा लेगा। इसके लिए उसने मेले में सबसे अधिक जगह बुक कराई है। इतनी जगह मेले में सहभागी व फोकस देश ने भी बुक नहीं कराई है। न ही इतने व्यापक स्तर पर व्यापारी लेकर आ रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका इस बार सहभागी देश है लेकिन उसने मात्र 500 वर्ग मीटर ही जगह बुक कराई है। जबकि पहली बार मेले में भागीदारी करने आ रहे कोरिया ने तो मात्र 200 वर्ग मीटर जगह ही बुक कराई है। आइटीपीओ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान ने 900 वर्ग मीटर की जगह ली है साथ ही 250 वर्ग मीटर जगह और लेने के लिए गुजारिश की है। पाकिस्तान ने इसके लिए मोटा पैसा चुकाया है। पिछले वर्ष पाकिस्तान से मात्र 87 कंपनियां ही मेले में हिस्सा लेने आई थीं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।