अमेरिका ने ईरान को परमाणु समझौते पर फ्रेमवर्क की पेशकश की: ओबामा
(International) राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा कि अमेरिका ने ईरान के सामने परमाणु समझौते से जुड़ा एक ‘‘फ्रेमवर्क’’ पेश किया है जिससे ईरान को उसकी परमाणु उर्जा संबंधी जरूरतें पूरी करने में मदद मिल सकती है और इससे अगले तीन-चार हफ्तों में ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर उसके साथ एक व्यापक समझौते की संभावना के बारे में स्थिति साफ हो जाएगी। ओबामा ने व्हाइट हाउस में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘हमें अगले तीन से चार हफ्तों में पता चल जाएगा कि क्या सच में हम समझौता करने में सफल होंगे। हमने उन्हें एक ‘फ्रेमवर्क’ पेश किया है जिससे उन्हें अपनी शांतिपूर्ण उर्जा की जरूरतें पूरी करने में मदद मिलेगी।’ ईरानी नेतृत्व द्वारा लगातार परमाणु हथियारों का विकास ना करने की बात दोहराने पर ओबामा ने कहा, ‘अगर सच में ऐसा है तो उनके पास विश्व समुदाय को यह आश्वासन देने और एक प्रगतिशील, कदम दर कदम, प्रमाण योग्य तरीके से प्रतिबंधों से बाहर निकलने का मौका मिला है जिससे वे अंतरराष्ट्रीय समुदाय की मुख्य धारा में दोबारा शामिल हो सकते हैं।’ पश्चिमी देश ईरान पर परमाणु हथियारों के विकास के प्रयास का आरोप लगाते रहे हैं जबकि ईरान का कहना है कि उसका परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह से देश की बढ़ती उर्जा जरूरतों को पूरा करने एवं दूसरे शांतिपूर्ण लक्ष्यों को हासिल करने के लिए है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।