पाकिस्तान के पीएम नवाज शरीफ की चीन यात्रा आज से
(International) शरीफ की यह यात्रा सितंबर में चीनी राष्ट्रपति का पाकिस्तान दौरा रद्द हो जाने की पृष्टभूमि में हो रहा है। तब पाकिस्तान में राजनीतिक उथल पुथल के चलते चीनी राष्ट्रपति की पाकिस्तान यात्रा रद्द कर दी गई थी। शरीफ आज बीजिंग पहुंचेंगे जहां वह एशिया प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) नेताओं के सम्मेलन से पहले चीन द्वारा आयोजित पड़ोसी देशों के नेताओं के शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। चीन में यह बैठक आठ नवंबर को होगी जबकि एपेक सम्मेलन 10 नवंबर को शुरू होगा। विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता तसनीम असलम ने गुरुवार को कहा कि अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री शरीफ चीन के राष्ट्रपति शी चिनपिंग और प्रधानमंत्री ली क्विंग के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। प्रवक्ता ने कहा कि दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच कई समझौतों और सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर किये जायेंगे। अधिकांश समझौते उर्जा क्षेत्र के होंगे। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूती मिलेगी। गत सितंबर में शी चिनपिंग ने जब पाकिस्तान की अपनी यात्रा निरस्त कर दी थी तो शरीफ ने कहा था कि वह चीन के साथ 34 अरब डालर के समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद कर रहे थे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।