ऑस्ट्रेलिया में मोदी से अलग से मिलेंगे ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरन
(International) दोनों के बीच यह पहली मुलाकात होगी । दोनों शीर्ष नेताओं के बीच अलग से होने वाली इस मुलाकात में व्यापक रूप से द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा किए जाने की संभावना है । 10 डाउनिंग स्ट्रीट के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। प्रवक्ता ने बताया, ‘ प्रधानमंत्री डेविड कैमरन की इस सप्ताहांत में ब्रिस्बेन में समूह 20 की शिखर बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से पहली मुलाकात तय है ।’ मई में संपन्न आम चुनाव में मोदी को उनकी सफलता के लिए सबसे पहले बधाई देने वाले विश्व नेताओं में कैमरन भी शामिल थे । प्रवक्ता ने कहा, ‘ वह ( कैमरन ) आमने सामने की मुलाकात के लिए इस अवसर का फायदा उठाने के इच्छुक हैं । ’ उन्होंने कहा कि कैमरन मोदी के साथ इस मुलाकात में व्यापक द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे जो हमारे दोनों देशों के बीच मजबूत रिश्तों का आधार हैं ।’ समूह 20 की शिखर बैठक से अलग होने वाली इस द्विपक्षीय मुलाकात के एजेंडे के बारे मे जानकारी देते हुए अधिकारी ने कहा, ‘ दोनों नेताओं द्वारा अपनी चर्चा में भारत में सुधार के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण के बारे में बात करने की संभावना है । इसमें देश को विकसित करने की मोदी की महत्वाकांक्षी योजना, कारोबार , भारत और ब्रिटेन के बीच द्विपक्षीय संबंध शामिल हैं ।’

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।