दक्षिण पूर्वी मेक्सिको में एक तेल संयंत्र में भीषण विस्फोट से कम से कम तीन कर्मियों की मौत हो गई और 30 अन्य लोग घायल हो गए। यह जानकारी अधिकारियों और सरकारी पेट्रोलियम कंपनी पेमेक्स ने दी है। कोटजाकोलकोस शहर में स्थित पाजारिटोस नाम से जाने जाने वाले संयंत्र से जहरीले धुएं का उंचा गुबार उठता दिख रहा है। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि उसका असर आस पास के 10 किलोमीटर तक के इलाके में महसूस किया गया। विस्फोट के कारण कल निकटवर्ती स्कूलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को खाली कराना पड़ा। पेट्रोक्विमिका मेक्सिकाना डी विनिलो संयंत्र में विस्फोट के कारण का तत्काल पता नहीं चल पाया है। इस संयंत्र पर पेमेक्स का संयुक्त मालिकाना हक है। वेराक्रूज के गवर्नर जेवियर डयुर्ते ने मिलेनियो टेलीविजन को बताया कि संयंत्र में विस्फोट से तीन लोगों की मौत हो गई। पेमेक्स के अनुसार 30 अन्य लोग घायल हुए हैं। डयुर्ते घटनास्थल की ओर रवाना हो गए। उन्होंने बताया कि विस्फोट बहुत जबरदस्त था और दमकल कर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। दुर्घटनास्थल के आस पास रहने वाले लोगों को अपने घरों के भीतर रहने का आदेश दिया गया है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।