तीन साल बाद पाक पूर्व पीएम का अपहृत पुत्र बरामद
(International)
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी के अपहृत पुत्र को अमेरिका और अफगानिस्तान की सेनाओं द्वारा चलाए गए एक संयुक्त अभियान के तहत अफगानिस्तान से मंगलवार को खोज निकाला गया। संदिग्ध तालिबान आतंकियों द्वारा तीन साल पहले उसका अपहरण किया गया था। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने एक बयान में कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री गिलानी के पुत्र अली हैदर गिलानी को अफगानिस्तान के गजनी प्रांत में ढूंढ निकाला गया। अफगानिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मोहम्मद हनीफ अतमर ने विदेश मामलों पर प्रधानमंत्री के सलाहकार सरताज अजीज को फोन पर सूचित किया कि अली हैदर गिलानी को गजनी प्रांत में ढूंढ निकाला गया है। अली को पाकिस्तान पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है जिसके लिए आवश्यक चिकित्सा जांच की जा रही है। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के चेयरमैन बिलावल अली भुट्टो ने भी अली को अफगानिस्तान से ढूंढ निकाले जाने की घोषणा ट्विटर पर की। बिलावल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री गिलानी को अफगानिस्तान के राजदूत ने फोन करके बताया कि अफगानिस्तान में एक सफल अभियान में अली को तलाश लिया गया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।