वित्त मंत्री ने बजट में दाल से डाटा तक सबका ख्याल रखा-मोदी
(India)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बजट 2017 की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि वित्तमंत्री अरुण जेटली ने दाल से डाटा तक सबको ख्याल रखा है। टैक्स रेट घटाने का ऐलान साहसपूर्ण हैं। इस बजट से रोजगार बढ़ेंगे, मजदूरों को फायदा होगा। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बजट में मिडिल क्लास को राहत देते हुए इनकम टैक्स घटाया है। साथ ही राजनीतिक पार्टियों को 2000 रुपये से ज्यादा के नकद चंदे पर भी रोक लगा दी गई। कालेधन पर रोक लगाने वाले फैसले के तहत तीन लाख रुपये से ज्यादा के कैश लेनदेन को भी बंद कर दिया गया है। जेटली ने बजट पेश करते हुए कहा कि 2.5 से पांच लाख रुपये की सालाना कमाई पर अब पांच प्रतिशत की दर से टैक्स लगेगा। वर्तमान में यह दर 10 प्रतिशत है। रेलवे को लेकर घोषणाओं में ई-टिकट से सर्विस चार्ज हटाने का फैसला लिया गया है। बजट में झारखंड और गुजरात में एम्स खोले जाने, मनरेगा का बजट आवंटन बढ़ाकर 48 हजार करोड़ रुपये करने, प्रधानमंत्री आवास योजना में 23 हजार करोड़, प्रधानमंत्री सड़क योजना में 2019 तक 4 लाख करोड़ खर्च करने की घोषणा की गई है। जेटली ने बजट पेश करते हुए कहा कि भारत दुनिया में मंदी के बीच उभरता सितारा है। इस साल अर्थव्यवस्था पटरी पर आएगी। उन्होंने नरेंद्र मोदी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि महंगाई की दर को 6 प्रतिशत से कम पर लाए हैं।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।