कानपुर के जाजमऊ इलाके में बुधवार को एक छह मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढह गई। इस हादसे के बाद बुधवार को मलबे से पांच लोगों के शव निकाले गए। वहीं गुरुवार सुबह मलबे में एक शव और दिखा है उसे एनडीआरएफ निकालने में लगी है। ये इमारत सपा समाजवादी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष महताब आलम की बताई जा रही है। पुलिस ने सपा नेता महताब आलम और ठेकेदार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं अभी भी 30 लोगों के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है। केडीए कॉलोनी से सटे गज्जूपुरवा में मेहताब आलम के लेदर गुड्स के कई कारखाने हैं। बगल में ही एक और कारखाने का निर्माण हो रहा था। इसकी पांच मंजिल बन चुकी थी और छठी मंजिल की स्लैब डाली जा रही थी। इस निर्माणाधीन इमारत में करीब 80 मजदूर काम कर रहे थे। दोपहर करीब एक बजे अचानक पूरी इमारत भरभराकर ढह गई। स्लैब की ढलाई में लगे मजदूर मलबे के नीचे दब गए। हादसे की सूचना के बाद एसपी पूर्वी कई थानों की फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कर दिया। एसएसपी कुछ देर बाद दो जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंचे। मलबा हटाने का काम शुरू हुआ, लेकिन जेसीबी से ज्यादा मदद नहीं मिली। कुछ देर बाद सेना के जवान और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई।
DISCLAIMER:
इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।