1000 साल पहले यानी सन 1000 में पूरे विश्व की जनसंख्या 400 मिलियन यानी 40 करोड़ थी। सन 1804 में पहली बार विश्व की जनसंख्या 1 बिलियन यानी 1 अरब पहुंच गई जबकि 1960 में विश्व की जनसंख्या 3 अरब हो गई। 1960 से साल 2000 आते-आते यानी महज 40 साल में विश्व की जनसंख्या दोगुनी यानी 6 अरब हो गई। जुलाई 2017 के आंकड़ों के मुताबिक विश्व की मौजूदा जनसंख्या 7.5 अरब है।
आपको जानकर हैरानी होगी कि हर सेकंड दुनियाभर में 4 बच्चों का जन्म होता है यानी 1 मिनट में 240 बच्चे। तो वहीं मृत्यु दर की बात करें तो 1 सेकंड में 1.8 यानी करीब 2 लोगों की मौत होती है। ऐसी उम्मीद की जा रही है कि साल 2050 आते-आते दुनियाभर की 70 प्रतिशत आबादी शहरों में रहने लगेगी।
विश्व जनसंख्या दिवस 2017 की थीम फैमिली प्लानिंग: इम्पावरिंग पीपल, डिवेलपिंग नेशन्स है। इसके तहत लोगों को सशक्त और जागरूक किया जाएगा खासतौर पर विकासशील देशों में। 11 जुलाई को ही लंदन में होने वाली फैमिली प्लानिंग सम्मिट के आधार पर इस साल इस थीम को चुना गया है।
जनसंख्या के मामले में भारत इस वक्त दुनियाभर में दूसरे नंबर पर है और चीन पहले नंबर पर। लेकिन आशंका व्यक्त की जा रही है कि 2025 से 2030 के बीच भारत की जनसंख्या चीन से भी आगे निकल जाएगी। विश्व की जनसंख्या के करीब 180 करोड़ लोग 10 से 24 साल की आयु के बीच के हैं। इतना ही नहीं दुनिया की 52 प्रतिशत यानी आधी से भी ज्यादा जनसंख्या 30 साल से कम उम्र की है।
अब एक दिलचस्प बात। अगर फेसबुक कोई देश होता तो जनसंख्या के मामले में यह तीसरे नंबर पर आता। इस सोशल नेटवर्किंग साइट पर हर महीने लॉग इन करने वालों की संख्या 139 करोड़ है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।