CRICKET : पाक क्रिकेटर शार्जील खान पर लगा 5 साल का बैन, स्पॉट फिक्सिंग मामले में दोषी ..
(International) पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज शार्जील खान पर पांच साल का बैन लगा दिया गया है। पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसलएल) में स्पॉट फिक्सिंग मामले में उन पर ये बैन लगाया गया है। पाकिस्तान की एंटी-करप्शन ट्रिब्यूनल ने बुधवार को शार्जील खान पर पांच साल का बैन लगाया। तीन सदस्यीय ट्रिब्यूनल में शामिल असघत हैदर के मुताबिक, 'शार्जील पर पांच साल का बैन लगा है।' हालांकि इसी मामले में फंसे दूसरे पाक क्रिकेटर खालिद लतीफ पर अभी फैसला नहीं सुनाया गया है। इससे पहले खबरें आई थीं कि पीएसएल के दौरान मैच फिक्सिंग के गुनहगार शार्जील और खालिद पर लंबा बैन लग सकता है।

दरअसल पीएसएल के दौरान पीसीबी के एंटी करप्शन यूनिट ने इन दोनों खिलाड़ियों को संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाया था। ये दोनों खिलाड़ी सट्टेबाजों मिलने गए थे, इस बात का सबूत भी पीसीबी के पास मौजूद हैं। शार्जील और उसके वकील इस कमिटी की हर सुनवाई के दौरान मौजूद रहे थे। उन्होंने ये भी साफ कर दिया था कि उन्हें इस कमिटी के फैसले पर पूरा भरोसा है। 2011 में पाकिस्तान के कप्तान सलमान बट, मोहम्मद आमिर और मोहम्मद आसिफ को भी फिक्सिंग मामले में सजा सुनाई गई थी। इन तीनों पर पांच-पांच साल का बैन लगा था, जिसके बाद मोहम्मद आमिर की टीम में वापसी भी हो चुकी है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।