(DELHI, India)
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अकाली नेता बिक्रम मजीठिया से माफी मांगने के बाद केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी और कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल से भी माफी मांग ली है। केजरीवाल ने पत्र लिखकर इनसे केस खत्म करने की अपील की है। दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर अपने आरोपों के लिए पश्चाताप जताया है। अरविंद केजरीवाल ने पत्र में लिखा है कि उन्होंने बिना जांच किये आरोप लगाये हैं। इसके लिए उन्हें पश्चाताप है। उन्होंने लिखा, “मेरा आपसे निजी तौर पर कोई बैर नहीं है, मैं इसके लिए पश्चाताप करता हूं, चलिए इस घटना को पीछे छोड़ते हैं और अदालत की कार्यवाही बंद करते हैं।” रिपोर्ट के मुताबिक केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी केजरीवाल के माफीनामे को मान गये हैं। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक केजरीवाल की चिट्ठी के बाद गडकरी और केजरीवाल ने दिल्ली की पटियाला कोर्ट में एक संयुक्त आवेदन दिया है और कहा है कि वह केस को वापस लेना चाहते हैं। बता दें कि कुछ ही दिन पहले अरविंद केजरीवाल अकाली नेता बिक्रम मजीठिया से माफी मांग चुके हैं। केजरीवाल ने बिक्रम मजीठिया पर ड्रग्स के धंधे में शामिल रहने का आरोप लगाया था। अरविंद केजरीवाल 19 जनवरी को केंद्रीय मंत्री गडकरी से मिले थे। इसके बाद समझा जा रहा था कि वह मानहानि केस में कुछ बड़ा फैसला ले सकते हैं।
अरविंद केजरीवाल ने आज ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल से भी माफी मांगी है। कपिल सिब्बल के बेटे और वकील अमित सिब्बल ने केजरीवाल के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था। बता दें कि साल 2012 में अरविंद केजरीवाल ने गडकरी पर विदर्भ के किसानों की जमीन हड़पने का आरोप लगाया था। केजरीवाल ने कहा था कि गडकरी ने एनसीपी नेता और महाराष्ट्र के पूर्व सिंचाई मंत्री अजीत पवार के साथ साठगांठ करके किसानों की जमीन हड़पी और किसानों का पानी अपनी कंपनियों के लिए लिया। तब अरविंद केजरीवाल इंडिया अगेंस्ट करप्शन से जुड़े थे। अरविंद केजरीवाल ने भारत के भ्रष्ट नेताओं की सूची जारी की थी। इस सूची में उन्होंने नितिन गडकरी का नाम शामिल किया था।
DISCLAIMER:
इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।