नितिन गडकरी का बेबाक अंदाज़, निजी ज़िंदगी से जुड़े अनसुने किस्से
(India) केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी एक बार फिर चर्चा में हैं, इस बार किसी नीति या परियोजना को लेकर नहीं, बल्कि अपनी निजी जिंदगी से जुड़े खुलासों के कारण। फिल्म निर्देशक फराह खान के वीडियो ब्लॉग में गडकरी ने बताया कि वह दिल्ली स्थित अपने सरकारी आवास परिसर में भी छोटी स्तर पर खेती करते हैं, जहां मिर्च जैसी सब्जियां उगाई जाती हैं। वहीं उनकी पत्नी महाराष्ट्र में ऑर्गेनिक खेती करती हैं, जहां एक-एक किलो के बैंगन और प्याज तक की पैदावार हुई है।
गडकरी ने बताया कि उनकी खेती में आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल होता है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से गूगल और माइक्रोसॉफ्ट के जरिए सैटेलाइट इमेज ली जाती हैं, उसी आधार पर सिंचाई की जाती है। उन्होंने कहा कि उनके बंगले में 15-17 मोर रोज़ खाने के लिए आते हैं। पड़ोस में सोनिया गांधी रहती हैं और पहले मनमोहन सिंह का बंगला भी पास ही था।
पॉडकास्ट में एक भावुक किस्सा साझा करते हुए गडकरी ने बताया कि एक हाईवे परियोजना के लिए उनकी पत्नी के मायके का घर तोड़ना पड़ा था। उन्होंने कहा कि कानून के मुताबिक चूने की रेखा खींची गई और पूरा घर गिराया गया, बदले में मुआवजा दिया गया। राजनीति को लेकर उन्होंने साफ कहा कि उनकी राजनीतिक विरासत पर उनके कार्यकर्ताओं का अधिकार है, न कि परिवार का। साथ ही उन्होंने दावा किया कि जल्द ही दिल्ली से देहरादून का सफर सड़क से सिर्फ दो घंटे में पूरा होगा, जिसके बाद फ्लाइट की जरूरत ही नहीं रहेगी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।