श्रद्धा, अनुशासन और स्वच्छता का प्रतीक बनेगा गढ़मुक्तेश्वर व तिगरी मेला: मुख्यमंत्री योगी
(Lucknow, Lucknow) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेला-गढ़मुक्तेश्वर और तिगरी मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘वेस्टर्न यूपी के मिनी कुम्भ’ के रूप में आयोजित होने वाला यह मेला श्रद्धा, अनुशासन और स्वच्छता का प्रतीक बनेगा।

17 से 26 नवंबर तक आयोजित होने वाले मेले में 25 से 30 लाख श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है। 24 नवंबर को मुख्य स्नान पर्व होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इतने बड़े आयोजन में सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य और यातायात की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने मेले में सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गंगा तटों पर विशेष सफाई एवं कचरा संग्रह व्यवस्था करने के निर्देश दिए। घाटों पर स्नान की पर्याप्त सुविधाएं, जल की उपलब्धता और पर्याप्त संख्या में स्वच्छता कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।

सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों के साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों की तैनाती की जाएगी। सीसीटीवी कैमरों, वॉच टावर, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, फायर टेंडर और 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम के जरिए मेले की निगरानी की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए रेस्क्यू बोट और यातायात व पार्किंग की भी समुचित व्यवस्था होगी।

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए सीएचसी स्तर के अस्थायी अस्पताल, पर्याप्त एंबुलेंस और मैनपावर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत आपूर्ति और शुद्ध पेयजल की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

मेले को आस्था और संस्कृति का संगम बनाने के लिए स्थानीय कलाकारों को मंच देने के साथ श्रीमद्भागवत कथा, रासलीला, रामलीला और भगवान शिव से जुड़े आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। लेजर शो और ड्रोन शो भी आकर्षण का केंद्र होंगे।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले के कमांड एरिया में शराब और नशे की वस्तुओं की बिक्री पर रोक रहे तथा आस्था के विपरीत किसी भी गतिविधि की अनुमति न दी जाए। सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार और नकारात्मकता फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।