कलाकृति का निर्माण 30 अक्टूबर को शुरू हुआ था और सात दिनों की निरंतर मेहनत के बाद 7 नवंबर को पूरा हुआ। सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार के मुताबिक, यह उनकी पहली और विश्व की सबसे लंबी रेत निर्मित राम दरबार कलाकृति है।
दीपोत्सव के उद्घाटन समारोह के दौरान उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसका अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने कलाकार को विश्व रिकॉर्ड की बधाई देते हुए कहा कि अयोध्या में सृजित ऐसी ऐतिहासिक कला को शहर कभी नहीं भूलेगा। वहीं, उपराष्ट्रपति ने ‘वेल डन’ कहकर कलाकार की सराहना की।
मधुरेंद्र कुमार ने 30 अक्टूबर को बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए जानकारी भेजी थी। 7 नवंबर को बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर से ईमेल के माध्यम से स्वीकृति मिली। रिकॉर्ड संख्या IND/2026/001810 के तहत कलाकृति को दर्ज कर डिजिटल प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। वहीं, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की प्रक्रिया अभी जारी है।
यह कलाकृति उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के सहयोग से दीपोत्सव के अंतर्गत तैयार की गई। इसका उद्देश्य अयोध्या की कला, संस्कृति और धार्मिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाना है।
मधुरेंद्र कुमार बिहार के पूर्वी चंपारण के निवासी हैं। वह अब तक 25 से अधिक देशों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और 12 से अधिक विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। रेत, कोयले की राख, पत्तियों, फल-सब्जियों और पुनर्चक्रण सामग्री से वह हजारों कलाकृतियां बना चुके हैं।
उन्हें अमेरिका इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से रेत कला में मानद डॉक्टरेट भी प्राप्त है। उनकी कलाकृतियां पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नशामुक्ति और विश्व शांति जैसे विषयों पर केंद्रित रहती हैं। अयोध्या में तैयार राम दरबार की यह विशाल रचना दीपोत्सव के सांस्कृतिक आकर्षणों में शामिल रही।
इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।