दिल्ली में महंगी हुई बिजली
(India)
बिजली कटौती से परेशान दिल्ली वालों के लिए एक और दुखदायी खबर है। बिजली महंगी हो गई है। डीईआरसी के चेयरमैन पीडी सुधाकर ने बिजली की दरों में 8.32 फीसदी तक बढ़ोतरी का ऐलान किया है। सुधाकर ने बताया कि 0 से 200 यूनिट तक खर्च करने वालों को अब 4 रुपये प्रति यूनिट देने होंगे। पहले यह दर 3 रुपए 90 पैसे थी। 201 से 400 यूनिट तक की दर अब 5 रुपए 95 पैसे प्रति यूनिट होगी। पहले इस स्लैब में एक यूनिट के 5 रुपए 80 पैसे लिए जाते थे। इससे ज्यादा बिजली खर्च करने वालों पर सबसे ज्यादा मार पड़ेगी। 401 से 800 यूनिट तक के लिए बिजली के दाम में सीधे 50 पैसे प्रति यूनिट बढ़ा दिए गए हैं। पहले इस स्लैब में प्रति यूनिट 6 रुपए 80 पैसे देने होते थे जो अब बढ़कर 7 रुपए 30 पैसे हो गए हैं। इसी तरह 801 से 1200 यूनिट तक की बिजली एक रुपये 10 पैसे प्रति यूनिट महंगी हुई है। पहले जिस यूनिट के 7 रुपये दिए जाते थे, उसके अब 8 रुपए 10 पैसे देने होंगे। एक नया स्लैब भी बनाया गया है जो 1200 यूनिट से ज्यादा बिजली खर्च करने वालों को शामिल करेगा। अगर आप 1200 यूनिट से ज्यादा बिजली खर्च करते हैं तो आपको 8 रुपए 75 पैसे प्रति यूनिट देने होंगे। इन सबके बावजूद हो सकता है कि दिल्ली वालों का बिजली का बिल कम आए क्योंकि पावर परचेज अजस्टमेंट चार्ज हटा दिया गया है। इसका मतलब है कि अब कंपनियों को अगर बिजली खरीदने में कम या ज्यादा पैसे देने पड़ते हैं तो उसका आपके बिल पर कोई असर नहीं पड़ेगा। लेकिन ये चार्ज सिर्फ 3 महीने तक था, तो बिल 3 महीने तक ही कम आएगा।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।