बीकानेर सेंट्रल जेल में हुआ मृतक कैदियों का पोस्टमार्टम, परिजनों ने शव लेने से किया इनकार,
(Bikaner, Rajasthan) बीकानेर केंद्रीय कारागृह में गुरूवार शाम बंदियों के दो गुट की आपसी गैंगवार में तीन कैदियों की मौत हो गई। पहले एक गुट ने गोली मारकर एक कैदी की हत्या कर दी। जिसके जवाब में दूसरे गुट ने दो कैदियों को पत्थरों से पीट पीट कर मार डाला। घटना के बाद गृह विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत प्रभाव से जेल अधीक्षक को निलंबित कर दिया। वही जेल प्रशासन की ओर से बीछवाल थाने में मामला दर्ज कराया है। जांच पुलिस उपाधीक्षक नसीमुल्ला खान को सौंपी गई है। घटना को लेकर पुलिस की ओर से पांच जनों को हिरासत में लिया गया है। घटना के बाद आज जेल डीजी भूपेंद्र कुमार दक ने जेल का दौरा कर निरीक्षण किया और घटना की जानकारी ली। मरने वाले कैदी बलवीर सिंह उर्फ बानूड़ा, जयप्रकाश जाट और रामपाल हैं। बलवीर सिंह उर्फ बानूड़ा और उसके साथियों को कुछ दिन पहले ही नागौर जेल से शिफ्ट किया गया था। जयप्रकाश ने बलवीर को शाम करीब पांच बजे गोली मारी। जिससे उसकी मौत हो गई। बलवीर आनंदपाल गुट का था। इसके बाद आनंदपाल और उसके गुट के अन्य कैदियों ने जयप्रकाश और रामपाल को पीट पीट कर मार डाला। मारपीट में आनंदपाल और नेमीचंद भी घायल हो गए। जिन्हें जयपुर रैफर किया गया है। नेमीचंद सामान्य कैदी था और उसका दोनों गुट से कोई संबंध नहीं था। देर रात जेल परिसर में ही मृतकों का पोस्टमार्टम किया गया। जिसके बाद एक मृतक बलबीर बानूड़ा का शव परिजनों को सौंप दिया गया। लेकिन दो के शव परिजनों ने लेने से इनकार कर दिया और मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। परिजनों ने अपनी मांग को लेकर प्रेम सहारण, भागीरथ मान, जिला कलक्टर आरती डोगरा और एसपी संतोष चालके से भी मुलाकात की।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।