26/11 हमला मामला: भारत ने पाकिस्तान के उप उच्चायुक्त को किया तलब
(Mumbai, MAHARASHTRA) एक ओर पाकिस्तान उप उच्चायुक्त को विदेश मंत्रालय ने तलब किया, वहीं भारतीय उप उच्चायुक्त इस्लामाबाद में पाकिस्तान विदेश कार्यालय गए और इसी तरह का विरोध दर्ज कराया। मामले से अवगत सूत्रों ने बताया है कि नई दिल्ली और इस्लामाबाद में पाकिस्तानी अधिकारियों के साथ अपनी बैठकों में भारतीय अधिकारियों ने मुकदमे की प्रगति और पाकिस्तानी अधिकारियों द्वारा की जा रही जांच की नियमित जानकारी की मांग की। समझा जाता है कि भारतीय अधिकारियों ने बैठक में दोहराया कि 2008 मुंबई आतंकी हमला मामले में पाकिस्तान सभी जिम्मेदार लोगों को न्याय के कठघरे में लाए। हमले में 166 लोग मारे गए थे और सैकड़ों अन्य घायल हुए थे। लगातार सातवीं बार पाकिस्तान की आतंक निरोधी अदालत की कार्यवाही बुधवार को स्थगित हो गयी। मुंबई हमले में सात आरोपियों पर इस अदालत में मामला चलाया जा रहा है। न्यायाधीश के छुट्टी पर रहने के कारण 25 जून को मामले की सुनवाई नहीं हो पायी थी। अभियोजन वकीलों की गैरमौजूदगी के कारण मामले की सुनवाई नियमित आधार पर नहीं हो पाती है। 28 मई, 4 जून, 18 जून और 2 जुलाई को मुख्य रूप से सुरक्षा कारणों से रावलपिंडी अदालत में सुनवाई में अभियोजन वकील उपस्थित नहीं हुए थे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।