(UTTARANCHAL, India)
विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने यहां राज्य विधानसभा परिसर में स्थित अपने कक्ष में रावत को विधायक पद की शपथ ग्रहण कराई। रावत पिथौरागढ जिले की धारचूला विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित हुए हैं। रावत के साथ दो अन्य नवनिर्वाचित कांग्रेसी विधायकों हीरा सिंह बिष्ट और रेखा आर्य ने भी शपथ ग्रहण की। बिष्ट जहां डोइवाला से विधायक चुने गये हैं, वहीं आर्य सोमेश्वर (सुरक्षित) से चुनाव जीती हैं। गत 21 जुलाई को हुए विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने भाजपा को पछाडते हुए तीनों सीटों पर कब्जा किया था। धारचूला सीट पहले ही कांग्रेस के पास थी, लेकिन अन्य दोनों सीटें कांग्रेस ने भाजपा से छीनी हैं। इस साल एक फरवरी को राज्य के मुख्यमंत्री का पद संभालने वाले रावत को छह माह के भीतर यानी आगामी 31 जुलाई तक राज्य विधानसभा का विधायक निर्वाचित होना एक संवैधानिक बाध्यता थी, जिसके लिये उनके करीबी माने जाने वाले हरीश धामी ने अपनी धारचूला सीट से इस्तीफा दिया था। अन्य दोनों सीटें गत मई में हुए लोकसभा चुनावों में भाजपा विधायकों के सांसद चुने जाने के कारण रिक्त हुई थीं। डोइवाला सीट का प्रतिनिधित्व जहां पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक कर रहे थे, वहीं सोमेश्वर से अजय टम्टा विधायक थे।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।