तिब्बत में नए पुल से चीन और नेपाल के बीच बढ़ेगा व्यापार
(India) तिब्बत के अधिकारियों ने बताया कि तिब्बत के शीगेज प्रांत में बनने वाले पुल से चीन और नेपाल के बीच द्विपक्षीय व्यापार बढ़ेगा। इस पुल के इस साल अक्टूबर में शुरू होने की संभावना है। गिरोंग कस्टम्स के निदेशक वांग लांग ने सरकारी अखबार से कहा कि यह पुल गिरोंग काउंटी में गिरांग की घाटी पर बनाया जा रहा है। इससे तिब्बत के गिरोंग पत्तन को पुनर्जीवित करने में भी मदद मिलेगी। गिरोंग पत्तन को 1962 में बनाया गया था। यह 2700 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। चीन गिरोंग को तिब्बत और नेपाल के बीच मुख्य भूमार्ग के तौर पर विकसित कर रहा है। फिलहाल नेपाल और चीन रसूवा गाढी पुल पर ही आश्रित हैं। इस पुल को स्विट्जरलैंड ने बनाया था। वर्तमान में यह लोगों के आने-जाने और आपस में व्यापार करने का प्रमुख मार्ग है। इस पुल के अतिरिक्त 2020 तक चीन की योजना शिगाजे से भारत, नेपाल और भूटान की सीमाओं तक रेलवे संपर्क स्थापित करने की भी है। चीन ने हाल के दिनों में नेपाल के साथ अपने संबंधों को बेहतर बनाया है। इसके पीछे मुख्य वजह तिब्बतियों के नेपाल के रास्ते भारत जाने को रोकना है जहां वे दलाई लामा के दर्शन करने जाते हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।