(India)
भारतीय आन लाइन खुदरा बाजार में इस समय घरेलू कंपनियां ही छाई हुई है। इनमें फ्लिपकार्ट और स्नैपडील जैसे प्रमुख नाम हैं। अमेरिकी कंपनी आमेजन की यह घोषणा फ्लिपकार्ट द्वारा निवेशकों से 1 अरब डालर जुटाए जाने के समाचार की घोषणा के 24 घंटे अंदर की गयी है। भारतीय बाजार में पिछले साल कदम रखने वाली आमेजन ने कहा कि यह कंपनी के सबसे अधिक तेजी से बढ रहे बाजारों में से एक है और वह एक अरब डालर की बिक्री का लक्ष्य प्राप्त करने की ओर अग्रसर है। आमेजन ने एक बयान में कहा कि वह भारत में तेज वृद्धि और उपभोक्ताओं एवं विक्रेताओं को बेहतर अनुभव प्रदान करने के लिए 2 अरब डालर का अतिरिक्त निवेश करेगी। आमेजन डाट काम के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी जेफ बेजोस ने कहा ‘‘भारत में हमारा पहले साल का अनुभव, ग्राहकों एवं छोटे-मंझोले आकार की कंपनियों की प्रतिक्रिया हमारी उम्मीद से कहीं अधिक उत्साहजनक रही है। उन्होंने कहा कि कंपनी को भारतीय अर्थव्यवस्था और ई-वाणिज्य क्षेत्र में वृद्धि की बड़ी संभावना दिखती है। उन्होंने कहा कि इस 2 अरब डालर के अतिरिक्त निवेश के साथ हमारी टीम भारत में अपने ग्राहकों को बेहतर अनुभव प्रदान कर सकती है। उन्होंने कहा कि मौजूदा स्तर और वृद्धि दर के मद्देनजर भारत आमेजन के लिए तेजी से एक अरब डालर की बिक्री वाला देश बनने की ओर अग्रसर है। बेजोस ने कहा कि हमने ऐसा अब तक नहीं देखा था। आमेजन, भारत में, किताब, परिधान, इलेक्ट्रानिक्स जैसे खंडों में 1.7 करोड़ उत्पाद बेचती है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।