कोसी पर कृत्रिम बांध: केंद्र ने बिहार को हरसंभव मदद का दिया आश्वासन
(DELHI, India) नेपाल में भूस्खलन के कारण नदी में कृत्रिम बांध बनने के कारण कोसी में जलस्तर बढ़ रहा है और बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने आज सुबह मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी को फोन किया और बिहार में बाढ़ के खतरे को देखते हुए हालात की जानकारी ली। मांझी ने ताजा हालात तथा लोगों की सुरक्षा के लिए उठा जा रहे कदमों की जानकारी गृहमंत्री को दी। गृह मंत्रालय के बयान में कहा गया है, गृह मंत्री ने प्रभावित लोगों के बचाव व राहत कार्य के लिए केंद्र से हरसंभव मदद का आश्वासन मुख्यमंत्री को दिया। सिंह ने मांझी को बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के दल पहले ही उन इलाकों को भेज दिए गए हैं जहां कोसी नदी के खतरे के निशान से उपर चढने की आशंका है। मंत्रिमंडल सचिव अजित सेठ की अध्यक्षता में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन समिति की आपात बैठक कल हुई जिसमें हालात की समीक्षा करने के बाद नेपाल में कुछ विशेषज्ञ तथा बिहार में एनडीआरएफ की 15 टीम भेजने का फैसला किया गया। बिहार ने राज्य आपदा मोचन बल की चार टीमें भी उपलब्ध कराई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बिहार तथा नेपाल को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। मोदी दो दिन की आधिकारिक यात्रा पर आज नेपाल पहुंचे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।