(JHARKHAND, India)
अमित शाह के भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद भले ही पार्टी उत्तराखंड उपचुनावों में हार गई हो। लेकिन उसकी भरपाई झारखंड में हो गई है। कभी भाजपा से बगावत कर निकले बाबूलाल मरांडी की पार्टी झारखंड विकास मोर्चा के विधायक फूलचंद मंडल और जदयू नेता व पूर्व विधायक लालचंद महतो शनिवार को भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित समारोह में इन दोनों के अलावा झाविमो नेता केडी सिंह, माक्र्सवादी समन्वय समिति के प्रशांत बनर्जी और अमर बाउरी सहित अन्य नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय ने कहा कि मुझे खुशी है कि जनसंघ की नींव रखने में शामिल नेता एक बार फिर भाजपा से जुड़ रहे हैं। इससे पार्टी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी ने बड़े अरमान से झारखंड को अलग राज्य बनाया था। लेकिन राजनीतिक विडंबना और गतिरोध के कारण उनका सपना साकार नहीं हो पाया है। पार्टी झारखंड के मान सम्मान की रक्षा के लिए सहयोगियों की तलाश कर रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से पांच अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा घेराव कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। सदस्यता लेने के दौरान भाजपा का दामन थामने वाले निर्भय शाहबादी भी मौजूद थे। आपको बता दें कि अब तक झारखंड भाजपा में विधायक निर्भय शाहबादी, समरेश सिंह, जय प्रकाश भाई भोक्ता, चंद्रिका महथा, पूर्व विधायक राधा कृष्ण किशोर, रामचंद्र चंद्रवंशी, अमित महतो, पूर्व विधायक कमलाकांत सिन्हा, जदयू नेता संजय मिनोचा, उपेंद्र कुमार रजक, आइपीएस अधिकारी नंदू प्रसाद व मनोज मिश्र, आजसू के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर सहित दर्जनों नेता भी शामिल हो चुके हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।