मिट गई दूरियां: चार साल बाद एक मंच पर साथ-साथ दिखे मुलायम और अमर
(UTTARPRADESH, India) सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव और पूर्व सपा नेता अमर सिंह के बीच की दूरी अब सिमटती दिख रही हैं और दोनों नेता अपनी पुरानी दोस्‍ती को बढ़ाने की ओर बढ़ते नजर आ रहे हैं। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुलायम सिंह यादव और अमर सिंह चार साल बाद एक मंच पर साथ साथ दिखे। इन दोनों नेताओं ने लखनऊ में जनेश्‍वर पार्क के उद्घाटन के मौके पर साथ साथ शिरकत किया। हालांकि अमर सिंह ने कहा कि इस मुलाकात के सियासी मायने नहीं निकाले जाएं। वहीं, यूपी सरकार के मंत्री और वरिष्‍ठ सपा नेता आजम खान इस कार्यक्रम में नहीं आए। अमर सिंह ने इससे संबंधित सवाल पर बताया कि मुलायम सिंह यादव ने मंगलवार को जनेश्वर मिश्र पार्क के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए मुझे फोन किया था। जब पूछा गया कि क्या अब पुन: सपा में वापसी संभव है, उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। साथ ही कहा कि यह कार्यक्रम गैर राजनीतिक है और वह मुलायम के कहने से उसमें शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनेश्वर मिश्र के साथ काफी काम किया है। उनके साथ लंबे समय तक जुड़ा रहा हूं। उल्लेखनीय है कि सपा के महासचिव रहे अमर सिंह की किसी समय पार्टी के निर्णय लेने की प्रक्रिया में काफी महत्वपूर्ण भूमिका होती थी। अजीत सिंह के नेतृत्व वाली रालोद के टिकट पर उन्होंने फतेहपुर सीकरी से पिछला लोकसभा चुनाव लडा था, लेकिन हार गए थे। पिछले कुछ दिनों से अमर सिंह के सपा में पुन: शामिल होने की अटकलें चल रही हैं। गौर हो कि अमर सिंह और जयाप्रदा को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए 2 फरवरी 2010 को सपा से निष्कासित किया गया था। पांच अगस्त को सपा के वरिष्ठ नेता जनेश्वर मिश्र की जयंती पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ‘जनेश्वर मिश्र पार्क’ का लोकार्पण किया। इस मौके पर पार्क में जनेश्वर मिश्र का जन्मदिन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें करीब 16 हजार लोगों को आमंत्रित किया गया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।